काठमांडू। टारगेट न्यूज नेटवर्क
(Miracle on the 11th day of Nepal floods: 2 rescued alive from debris and a tunnel) नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन के करीब 11 दिन बाद राहत एवं बचाव अभियान में दो बड़ी सफलताएं सामने आई हैं। शनिवार को अलग-अलग रेस्क्यू ऑपरेशन में एक 64 वर्षीय नेपाली महिला और एक चीनी नागरिक को जिंदा बचाया गया।
नुवाकोट में महिला अपने घर के मलबे के नीचे दबी हुई मिली। बचाव दल ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और गंभीर हालत को देखते हुए एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए काठमांडू भेजा।
वहीं, नेपाली सेना और दक्षिण कोरिया की रेस्क्यू टीम ने अपर त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की करीब 740 फीट लंबी सुरंग से एक चीनी नागरिक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सुरंग में कई दिनों से फंसा था चीनी नागरिक
जानकारी के मुताबिक भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद चीनी नागरिक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए नेपाली सेना और दक्षिण कोरिया के आपदा विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।
रेस्क्यू ऑपरेशन 216 मेगावाट के अपर त्रिशूली-1 प्रोजेक्ट की ऑडिट-4 सुरंग में किया गया। करीब 225 मीटर लंबी सुरंग से बाहर निकालने के बाद उसकी स्वास्थ्य जांच की गई।
बचाए गए चीनी नागरिक को आगे के इलाज और आवश्यक मदद के लिए नुवाकोट के त्रिशूली स्थित मैथिल बैरक ले जाया गया।
मलबे में दबी 64 साल की महिला भी मिली जिंदा
नुवाकोट में राहत दल उस समय हैरान रह गए, जब तलाशी अभियान के दौरान 64 वर्षीय महिला घर के मलबे में जिंदा मिली। उसे तत्काल बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया।
इसके बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हेलिकॉप्टर से काठमांडू पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
275 भारतीय अब भी लापता
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को भूस्खलन के बाद आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी। इसके बाद से ही नेपाल में लगातार राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, अब तक 169 भारतीयों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि 275 भारतीय अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
नेपाल में इस आपदा से अब तक करीब 1,344 लोगों की मौत होने की जानकारी है, जबकि करीब 12 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 5,300 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं और 32 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
हजारों लोगों की तलाश जारी
बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों में बचाव दल लगातार मलबे, सुरंगों और दुर्गम क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रहे हैं। 11वें दिन दो लोगों को जिंदा बचाए जाने से राहत एवं बचाव दलों की उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, बड़ी संख्या में लोगों के अब भी लापता होने के कारण अभियान लगातार जारी है।



















