मोगा। राजवीर दीक्षित
(Prostitution racket busted in Moga: 21 people arrested from hotel) पंजाब के मोगा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां होटल की आड़ में चल रहे देह व्यापार के बड़े रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। अमृतसर रोड इलाके में स्थित एक कोठी में चल रहे इस अवैध धंधे पर मंगलवार दोपहर पुलिस ने छापा मारकर 14 लड़कियों और 7 पुरुषों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई मेहणा थाना और पीसीआर टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डेमोज़ोन होटल नाम से चल रही इस कोठी में अनैतिक गतिविधियां हो रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत रेड की और मौके से सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
मामले को और गंभीर तब माना गया जब पकड़ी गई लड़कियों में एक नाबालिग भी पाई गई। जसविंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह अवैध धंधा पिछले तीन महीनों से लगातार चल रहा था। इस रैकेट को कथित तौर पर कोठी के मालिक और स्थानीय संचालकों द्वारा मिलकर चलाया जा रहा था। पकड़ी गई लड़कियों में जालंधर और लुधियाना की लड़कियां भी शामिल हैं।
फिलहाल सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। नाबालिग लड़की का मेडिकल कराया जा रहा है, जबकि अन्य लड़कियों को नारी निकेतन भेज दिया गया है। पुलिस ने साफ कहा है कि इलाके में इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



















