श्री आनंदपुर साहिब। राजवीर दीक्षित
(Tragic accident in Punjab: Bus full of devotees overturns, 6 dead) पंजाब से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां वैसाखी के पावन मौके पर दर्शन करके लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। यह घटना श्री आनंदपुर साहिब से लौटते समय फतेहगढ़ साहिब के पास देर रात हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 35 से 40 श्रद्धालु सवार थे, जो वैसाखी के अवसर पर माथा टेककर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही बस बसी पठाना के नजदीक चुन्नी-मोरिंडा रोड पर गांव मैंण माजरी के पास पहुंची, अचानक नियंत्रण खो बैठी और पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही 6 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बस के पलटने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के गांवों के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और बड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और हालात को संभाला। घायलों को सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब, बसी पठाना और मोरिंडा के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा न सिर्फ कई परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति लेकर आया है, बल्कि एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही पर सवाल खड़े कर गया है।



















