शिमला । राजवीर दीक्षित
(Major protest by retired HRTC employees in Shimla tomorrow)हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज होने के आसार हैं। रिटायर्ड एम्प्लॉइज वेलफेयर फोरम ने 1 सितंबर को शिमला में विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। शनिवार को मंडी के सौली खड्ड में फोरम अध्यक्ष अशोक पराशर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया।
बैठक में पेंशनभोगियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। पाराशर ने राज्य सरकार और HRTC प्रबंधन से आग्रह किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी लंबे समय से वित्तीय लाभ, बकाया राशि और अन्य देयों के भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पेंशनभोगियों को उनकी पेंशन समय पर मिलनी चाहिए, क्योंकि सेवानिवृत्ति के बाद यही उनकी आर्थिक सुरक्षा का प्रमुख आधार होती है। उन्होंने सरकार से लंबित भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर जारी करने की मांग की।
फोरम ने रिटायर कर्मचारियों को मिलने वाले लंबित वित्तीय लाभों को लेकर सरकार के समक्ष अपनी मांग रखी है। ज्ञापन में कहा गया कि 1 जनवरी 2016 से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संशोधित वेतनमान, छुट्टी के बदले नकद भुगतान यानी लीव एनकैशमेंट, डेथ-कम-रिटायरमेंट ग्रेच्युटी (DCRG) तथा अन्य रिटायरमेंट देनदारियों का भुगतान अभी तक लंबित है। फोरम ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी लंबे समय से इन लाभों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। बढ़ती उम्र और आर्थिक जरूरतों के बीच इन भुगतानों में देरी से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार को मामले में जल्द निर्णय लेकर बकाया राशि जारी करनी चाहिए।
फोरम के राज्य संगठन महासचिव रूप चंद शर्मा ने HRTC के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि निगम के पेंशनभोगियों को भी सरकारी विभागों के पेंशनभोगियों के समान वित्तीय लाभ प्रदान किए जाने चाहिए।
उन्होंने लंबित महंगाई भत्ते की किस्तें जारी करने, DA के बकाया का भुगतान करने तथा संशोधित वेतनमान के लाभ सहित अन्य लंबित वित्तीय देनदारियों का जल्द निपटारा करने की मांग की।
शर्मा ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के HRTC पेंशनभोगियों को भी राज्य सरकार के विभागों के पेंशनभोगियों की तर्ज पर अतिरिक्त लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पेंशनभोगियों की बढ़ती उम्र को देखते हुए उन्हें आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं में प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए मेडिकल सुविधाओं में सुधार और लंबे समय से लंबित मेडिकल बिलों का तत्काल भुगतान करने की मांग की। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि पेंशनभोगियों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।



















