ऊना।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस और उसके INDIA गठबंधन के सहयोगियों पर देश में अस्थिरता पैदा करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। वह बुधवार को कुमार पैलेस में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश के हितों के खिलाफ काम करने वाली ताकतों के साथ खड़ी है और देश की प्रगति को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक, सामरिक और तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने की राजनीति कर रही है।
हिमाचल की कांग्रेस सरकार को निशाने पर लेते हुए बिंदल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर प्रदेश की जनता से विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार के चार साल के कार्यकाल को महिला विरोधी बताते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। बिंदल ने दावा किया कि सरकार के कई फैसलों से जनहित प्रभावित हुआ है और जनता अब कांग्रेस के चुनावी घोषणा-पत्र में किए गए वादों का हिसाब मांग रही है।
कार्यक्रम में हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार के बाद राहुल गांधी लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जनता के फैसले को स्वीकार करने के बजाय कांग्रेस नेतृत्व लोगों के बीच भ्रम और अविश्वास पैदा करने का प्रयास करता है।
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की राजनीति, प्रदेश सरकार के कामकाज और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपने आरोप रखे।

















