चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Baby snake found in school mid-day meal, hundreds of students admitted to hospital “) बिहार के सहारसा जिले से सामने आई एक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। एक सरकारी स्कूल में बच्चों को परोसे गए मिड-डे मील में सांप का बच्चा मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मामला महिषी ब्लॉक के मिडिल स्कूल बलूहा का बताया जा रहा है, जहां गुरुवार को दोपहर के भोजन के दौरान यह खौफनाक लापरवाही सामने आई। जैसे ही एक छात्र की थाली में सांप का बच्चा दिखाई दिया, स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर बाद कई बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत करनी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि यह खाना एक NGO द्वारा सप्लाई किया गया था। घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। पुलिस की गाड़ियों और एंबुलेंस के जरिए सैकड़ों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। कई बच्चों की हालत कुछ समय तक गंभीर बनी रही, जिसके बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल बन गया।
घटना के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि बच्चों के खाने जैसी संवेदनशील व्यवस्था में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो सकती है। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। डीएम ने विशेष जांच टीम गठित की है जो उस केंद्र की जांच करेगी जहां कई स्कूलों के लिए मिड-डे मील तैयार किया जाता है।
यह घटना सिर्फ एक स्कूल की नहीं बल्कि पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करती है। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं में अगर ऐसी लापरवाही होगी तो भरोसा टूटना तय है। अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।



















