पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण, यूटी चंडीगढ़ की ओर से 10 से 12 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय ई-नीलामी में कुल 527 आकर्षक नंबर बिके। इससे प्रशासन को 2 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
0001 नंबर पर सबसे ज्यादा दांव
नीलामी में CH01-DG-0001 सबसे महंगे नंबरों में शामिल रहा। इसके लिए 21.31 लाख रुपये की बोली लगी। इसके अलावा CH01-DG-0007 ने भी 11.71 लाख रुपये की कीमत हासिल की। नीलामी में नई श्रृंखला के 0001 से 9999 तक के आकर्षक नंबरों के साथ पिछली श्रृंखलाओं के बचे हुए विशेष नंबर भी शामिल किए गए थे।
पहले 0001 के लिए लग चुकी है ₹53.88 लाख की बोली
पिछली नीलामियों में भी वीआईपी नंबरों के लिए बड़ी बोलियां लग चुकी हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मार्च 2026 में CH01-DD-0001 के लिए 53.88 लाख रुपये और अगस्त 2025 में CH01-DA-0001 के लिए 36.43 लाख रुपये की बोली लगी थी।
ये आंकड़े बताते हैं कि पसंदीदा वाहन नंबरों को लेकर लोगों में खासा आकर्षण है। कई वाहन मालिक अपनी पसंद के नंबर के लिए लाखों रुपये खर्च करने को तैयार हैं, जबकि ऐसी नीलामियों से प्रशासन को भी अच्छी-खासी कमाई होती है।


















