पांवटा साहिब। राजवीर दीक्षित
(Sikh youth barred from Patwari exam for wearing a kada (bangle) and kirpan (ceremonial sword)!) हिमाचल प्रदेश में पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान एक अमृतधारी सिख युवक को कथित तौर पर कड़ा और किरपान पहनने के कारण परीक्षा देने से रोकने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को सरकार से प्रभावित अभ्यर्थी की दोबारा परीक्षा करवाने की मांग की।
पांवटा साहिब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए मामले को लेकर जांच की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवक को पुनः परीक्षा का अवसर नहीं दिया गया तो भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा आंदोलन करेगा।
परीक्षा केंद्र पर धार्मिक प्रतीक हटाने को कहा!
गुरमीत सिंह के अनुसार, उन्होंने प्रभावित अभ्यर्थी से बातचीत की है। युवक ने कथित तौर पर बताया कि सोलन के देवभूमि इंस्टीट्यूट स्थित परीक्षा केंद्र पर उसे कड़ा और किरपान हटाने के लिए कहा गया था।
अभ्यर्थी का आरोप है कि परीक्षा केंद्र संचालक ने इसके लिए सरकारी निर्देशों का हवाला दिया, लेकिन संबंधित अधिसूचना मांगे जाने पर उसकी प्रति उपलब्ध नहीं करवाई गई।
युवक के पिता सरदार विचित्र सिंह ने भी सरकार से उस आदेश को सार्वजनिक करने की मांग की, जिसके आधार पर उनके बेटे को परीक्षा में बैठने से रोका गया।
धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों का मुद्दा
गुरमीत सिंह ने संविधान के अनुच्छेद 25 का हवाला देते हुए कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार सुनिश्चित किया गया है और किरपान सिख धर्म का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था लागू करते समय धार्मिक आस्था और संवैधानिक अधिकारों का भी सम्मान होना चाहिए।
उन्होंने परीक्षा दिशा-निर्देशों में महिलाओं के मंगलसूत्र और चूड़ियों को लेकर कथित प्रतिबंधों पर भी सवाल उठाए तथा सरकार से नियमों की समीक्षा करने की मांग की।
पुनः परीक्षा नहीं हुई तो धरना
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि देवभूमि इंस्टीट्यूट में हुई घटना की जांच करवाई जाए, प्रभावित अभ्यर्थी की दोबारा परीक्षा आयोजित की जाए और परीक्षा नियमों में आवश्यक संशोधन किए जाएं।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, पांवटा साहिब के सिख समुदाय और अभ्यर्थी के परिवार के साथ SDM कार्यालय के बाहर धरना देगा। इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
गुरमीत सिंह ने कहा कि यह मामला केवल एक विद्यार्थी के भविष्य का नहीं, बल्कि उसकी धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों से भी जुड़ा है।
पटवारी भर्ती परीक्षाएं 23 नवंबर से शुरू हुई हैं और 30 नवंबर तक आयोजित की जानी हैं।













