ऊना । राजवीर दीक्षित
(Chintpurni-Bharwain Chowk road to undergo grand transformation; ₹70 crore sanctioned) चिंतपूर्णी (ऊना)। धार्मिक नगरी चिंतपूर्णी को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में मंदिर न्यास ने बड़ा कदम उठाया है। भरवाईं चौक से मां चिंतपूर्णी मंदिर तक के क्षेत्र के समग्र सौंदर्यीकरण एवं विकास पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।चिंतपूर्णी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह परियोजना सुविधाओं और अनुभव दोनों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए निजी कंपनी ने सर्वे शुरू कर दिया है। योजना के अनुसार बाजार की दुकानों, होटलों और धर्मशालाओं के बाहरी हिस्सों को एक समान वास्तुशैली में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही बाजार में एकरूपता लाने के लिए समान डिजाइन वाले साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
परियोजना में आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में एआई कैमरे लगाए जाने प्रस्तावित हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।
श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए ऑटोमैटिक बैरियर भी लगाए जाएंगे। इनका संचालन मंदिर कार्यालय से किया जाएगा, ताकि भीड़ के अनुसार प्रवेश और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त सरकारी भूमि पर शौचालय, पार्क और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे चिंतपूर्णी आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक नगरी की खूबसूरती में भी इजाफा होगा।
परियोजना का सबसे बड़ा उद्देश्य चिंतपूर्णी मंदिर से भरवाईं चौक तक पूरे क्षेत्र को एकीकृत, सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक धार्मिक पर्यटन कॉरिडोर के रूप में विकसित करना है। परियोजना पूरी होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों को भी बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है।
70 करोड़ की यह परियोजना सिर्फ सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात और धार्मिक पर्यटन—चारों क्षेत्रों को एक साथ बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।



















