नवांशहर। राजवीर दीक्षित
(Tragic accident in Punjab: Bus overturns after crashing through railing; 4 dead) नवांशहर के बंगा इलाके में सोमवार तड़के एक दर्दनाक बस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा गांव मजारी के पास उस समय हुआ, जब मनाली से अमृतसर जा रही निजी बस बेकाबू होकर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए सर्विस रोड पर पलट गई।
बताया जा रहा है कि बस में कुल 41 यात्री सवार थे। शुरुआती जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को नींद की झपकी आना सामने आई है। हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी बस
जानकारी के अनुसार, बस बंगा ओवरब्रिज से उतर रही थी। गांव मजारी के पास अचानक ड्राइवर का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे सर्विस रोड पर जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही बंगा पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रखा गया है।
ड्राइवर गिरफ्तार, दो मृतकों की पहचान
बंगा सदर थाने के जांच अधिकारी संदीप कुमार के अनुसार, पुलिस ने बस चालक विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वह हिमाचल प्रदेश के मंडी का रहने वाला बताया गया है।
मृतकों में अमृतसर के साहिबजादा जुझार सिंह नगर निवासी विशाल रत्तु (30) और केरल की ज्योत्सना जॉर्ज की पहचान हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
LPU छात्रों को लेकर स्थिति साफ नहीं
हादसे के बाद यह जानकारी सामने आई थी कि मृतकों में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के दो छात्र भी शामिल हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारी के मुताबिक बस में करीब 10 बच्चे LPU से जुड़े होने की बात सामने आई है और इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में नींद की झपकी को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


















