युवक को कमरे में बंद करने का आरोप; एक हिरासत में
जालंधर। राजवीर दीक्षित।
(Uproar in Jalandhar over ‘Chitta’ (synthetic drug); police searched the house.) जालंधर के हरदयाल नगर में कथित नशा तस्करी को लेकर उस समय हंगामा हो गया, जब एक महिला ने पड़ोस के मकान मालिक और उसके परिवार पर अपने बेटे को नशा बेचने के लिए मजबूर करने तथा पीछा करने पर उसे कमरे में बंद करने का आरोप लगाया। महिला के मुताबिक, उसने जब अपने बेटे का पीछा किया तो आरोपी पक्ष के लोगों ने उसे कथित तौर पर अंदर खींच लिया और दरवाजा बंद कर दिया।
पुलिस के पहुंचने से पहले संदिग्ध सामान गायब होने का आरोप
महिला का आरोप है कि जिस युवक पर नशा बेचने का शक है, उसके हाथ में संदिग्ध सामान था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह सामान वहां से हटा दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी लेकर मामले की जांच शुरू की।
शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि उसका बेटा नशे का आदी है और परिवार की ओर से पैसे नहीं मिलने के बाद आरोपी पक्ष उस पर नशा बेचने या नए ग्राहक लाने का दबाव बना रहा था। महिला ने यह भी दावा किया कि जिस मकान पर आरोप लगाए गए हैं, उसके मालिक के खिलाफ पहले से करीब 14-15 मामले दर्ज हैं। हालांकि, इन दावों की पुलिस स्तर पर स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
पहले भी हो चुकी है मकान पर कार्रवाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, कथित नशा तस्करी को लेकर वर्ष 2025 और 2026 में नगर निगम तथा पंजाब पुलिस की ओर से इस मकान पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा चुकी है। पीड़ित महिला का आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद तीन मंजिला इमारत में कथित अवैध गतिविधियां बंद नहीं हुईं।
आरोपी पक्ष ने आरोपों को बताया साजिश
दूसरी ओर, आरोपी पक्ष ने महिला के सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे साजिश बताया है। उनका कहना है कि परिवार का एक सदस्य पहले से जेल में है और मकान में हुई पिछली तोड़फोड़ निर्माण संबंधी विवाद के कारण हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, घर की तलाशी ली गई, लेकिन मौके से कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बिजली का मीटर कटा था, फिर भी चलती मिली बिजली
मामले में एक और बात सामने आई है। बताया गया है कि नशा तस्करी के मामले के चलते आरोपी के मकान का बिजली मीटर पहले ही काटा जा चुका था। इसके बावजूद कार्रवाई के दौरान घर में बिजली चलती मिली।
जांच करने पर कथित तौर पर बाहर से गुजर रही बिजली की तार पर कुंडी लगाकर बिजली चोरी किए जाने की बात सामने आई। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।


















