ऊना । राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का जन्मदिन कांग्रेस नेताओं ने ऊना स्थित कुष्ठ आश्रम में कुष्ठ रोगियों के साथ मनाया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने रोगियों को फल वितरित कर सेवा, संवेदनशीलता और मानवता का संदेश दिया।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता संजीव सैनी, जिला परिषद सदस्य सुमित शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन शिव सिंह रैणी और हरोली कांग्रेस के महामंत्री दिनेश शर्मा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विक्रमादित्य सिंह के स्वस्थ, सुखद और सफल जीवन की कामना की।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संजीव सैनी ने विक्रमादित्य सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़कों और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ वह प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष भी उठा रहे हैं।
सैनी ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की राजनीतिक विरासत, जनसेवा की परंपरा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। वीरभद्र सिंह का हिमाचल प्रदेश के विकास और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान रहा है। उनका जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के साथ संगठन में काम करने का अवसर मिला और उनसे जनसंपर्क, संगठन की मजबूती तथा जनता के बीच रहकर कार्य करने की सीख मिली।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसर जरूरतमंद लोगों के साथ साझा करने से समाज में अपनत्व और सेवा की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में बीडीसी सदस्य अरुण कुरालिया, जतिंदर सैनी, मुकेश, कमल किशोर, अभिषेक, अभिनव, दिनेश शारदा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















