Home Chandigarh पंजाब SIR 2026: 97% मतदाता सत्यापन पूरा

पंजाब SIR 2026: 97% मतदाता सत्यापन पूरा

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“97% Voter Verification Complete “) पंजाब में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) 2026 का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। निर्धारित समय सीमा पूरी होने में अब सिर्फ एक सप्ताह बचा है और राज्य ने अब तक 97.13 फीसदी मतदाताओं का सत्यापन पूरा कर लिया है। चुनाव आयोग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब के कुल 2.14 करोड़ मतदाताओं में से 1.91 करोड़ एन्यूमरेशन फॉर्म (EF) डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जबकि 17.44 लाख मतदाताओं को “अनकलेक्टेबल” श्रेणी में रखा गया है। अब केवल 6.15 लाख फॉर्म (2.87%) ही डिजिटाइज होना बाकी हैं।

राज्य की 24 विधानसभा सीटों पर SIR का कार्य 100 फीसदी पूरा हो चुका है, जबकि 87 विधानसभा क्षेत्रों में 90 फीसदी से अधिक काम पूरा कर लिया गया है। वहीं, 15,982 पोलिंग पार्ट्स ने 100 फीसदी डिजिटाइजेशन का लक्ष्य हासिल कर लिया है।

हालांकि, लुधियाना जिला अभी भी राज्य के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। यहां 26.83 लाख मतदाताओं में से केवल 82.11 फीसदी फॉर्म ही डिजिटाइज हुए हैं। करीब 2.86 लाख मतदाता अनकलेक्टेबल श्रेणी में हैं, जिससे जिले का कुल कवरेज 92.7 फीसदी तक पहुंचा है। इसके बावजूद लगभग 1.94 लाख फॉर्म अभी भी लंबित हैं। लुधियाना में 11,268 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए, 603 फॉर्म सुधार के लिए वापस भेजे गए, जबकि 13,528 ASD विसंगतियां भी सामने आई हैं।

जिले में रायकोट ने 100 फीसदी लक्ष्य हासिल कर लिया है, जबकि पायल, खन्ना, समराला, जगराओं, दाखा और गिल भी अंतिम चरण में हैं। दूसरी ओर, लुधियाना नॉर्थ केवल 78.24 फीसदी कवरेज के साथ पूरे पंजाब में सबसे पीछे है। इसके अलावा लुधियाना साउथ, वेस्ट, सेंट्रल, ईस्ट, आत्म नगर और साहनेवाल में भी तय समय सीमा से पहले कार्य पूरा करना बड़ी चुनौती बना हुआ है।

चुनाव आयोग के अनुसार, पूरे राज्य में 4,250 ऑनलाइन फॉर्म सत्यापन की प्रतीक्षा में हैं, 6,313 फॉर्म सुधार के लिए वापस भेजे गए हैं और 85+ व ASD श्रेणी से जुड़े 81,683 मामलों का सत्यापन अभी बाकी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या पंजाब निर्धारित समय सीमा से पहले 100 फीसदी SIR प्रक्रिया पूरी कर पाएगा।

Translate »
error: Content is protected !!