चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab NEET Success 2026” ) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य में शिक्षा सुधारों का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में जहां सरकारी स्कूलों के केवल 80 छात्र NEET परीक्षा पास कर पाए थे, वहीं 2026 में यह संख्या बढ़कर 882 हो गई है। मुख्यमंत्री ने इसे पंजाब सरकार की शिक्षा क्रांति का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि NEET पास करने वाले अधिकांश छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। इनमें रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों, दिहाड़ी मजदूरों और साधारण परिवारों के बच्चे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन छात्रों की सफलता न केवल उनके उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत है, बल्कि इससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
जिला दौरे के दौरान भगवंत मान ने लोहारा स्थित सरकारी प्राथमिक स्कूल के नए भवन का उद्घाटन किया, जिसका निर्माण वर्धमान ग्रुप ने कराया है। इसके अलावा उन्होंने वर्धमान फोर्जिंग्स की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भी उद्घाटन किया, जिसे Aichi Steels के सहयोग से स्थापित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने वर्धमान ग्रुप और Aichi Steels का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका सपना “रंगला पंजाब” बनाना है, जहां युवाओं के हाथों में नशे की सुई नहीं बल्कि टिफिन बॉक्स हों और वे नशे से पूरी तरह मुक्त होकर देश के विकास में योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान वर्धमान ग्रुप के प्रतिनिधियों ने बताया कि नई औद्योगिक इकाई अक्टूबर 2027 तक तैयार हो जाएगी। इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि “तब तक पंजाब में हमारी दूसरी सरकार भी बन चुकी होगी।”
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब गुरुओं और संतों की पावन धरती है और यहां निवेश करने वाले उद्योगों ने हमेशा सफलता हासिल की है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, वर्धमान ग्रुप के प्रतिनिधि सचित जैन, अन्य मंत्री और स्थानीय विधायक भी मौजूद रहे।



















