Home Chandigarh SIR-2026 अभियान के लिए पंजाब के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूल...

SIR-2026 अभियान के लिए पंजाब के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूल शनिवार-रविवार भी रहेंगे खुले

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Punjab Schools Open on Weekend for SIR-2026 Drive “)पंजाब में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR-2026) अभियान को तेज़ी से पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि 11 और 12 जुलाई (शनिवार और रविवार) को राज्य के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूल नियमित कार्य दिवस की तरह खुले रहेंगे। इस दौरान स्कूलों का पूरा स्टाफ ड्यूटी पर मौजूद रहेगा और चुनाव आयोग के कर्मचारियों को हर संभव सहयोग देगा।

यह आदेश स्कूल शिक्षा विभाग की सचिव सोनाली गिरी द्वारा जारी किया गया है। इससे पहले पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ने सभी डिप्टी कमिश्नरों एवं जिला चुनाव अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए थे। SIR-2026 के तहत घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन का अभियान 25 जून से शुरू होकर 24 जुलाई तक चलेगा।

चुनाव आयोग ने मतदाता गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) के संग्रह और डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के लिए 11 और 12 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। इन शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मौजूद रहेंगे। जिन बूथों पर डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हो चुका है, वहां रिकॉर्ड में त्रुटियों की जांच की जाएगी, जबकि जिन क्षेत्रों में कार्य लंबित है, वहां फॉर्म एकत्र करने और डिजिटाइजेशन दोनों पर जोर दिया जाएगा।

अभियान को सफल बनाने के लिए स्कूल परिसर में बने मतदान केंद्रों पर स्कूल स्टाफ, राजस्व विभाग के पटवारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी BLO के साथ तैनात किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों के कर्मचारी, मास्टर ट्रेनर और BLO सुपरवाइजर भी सहयोग करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को इस पूरे अभियान की व्यक्तिगत निगरानी करने और इसे समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

Translate »
error: Content is protected !!