द टारगेट न्यूज़:
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी की ‘जवानी संभाल यात्रा’ (साइकिल यात्रा) गुरुवार शाम को समराला पहुंची। समराला पहुंचने पर यात्रा को स्थानीय आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। लगभग 100 ‘आप’ नेताओं ने शाम करीब 5:30 बजे पहुंचकर चन्नी और उनके समर्थकों के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि, इस दौरान किसी बड़े अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। ‘आप’ कार्यकर्ता उस स्थान तक नारेबाजी करते रहे जहां यात्रा के प्रतिभागियों के रात रुकने की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद चन्नी ने शाम को एक छोटी सभा को संबोधित किया। इस यात्रा के दौरान उनके साथ लगभग 700 से 800 लोग मौजूद थे, जिनके खाने और ठहरने का प्रबंध समराला में किया गया था। समराला में एक सार्वजनिक संबोधन के बाद यह यात्रा आगे लुधियाना के लिए रवाना होनी है, जहां दोपहर करीब 1:30 बजे तक पहुंचने की उम्मीद है। इस बीच, राजनीतिक गलियारों की निगाहें लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर टिकी हुई हैं कि क्या वे लुधियाना में चन्नी के कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं। वडिंग गुरुवार देर रात तक लुधियाना में ही थे और उन्होंने अपने करीबी सहयोगियों को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह के निर्देशों का पालन करने को कहा है। पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रही अंदरूनी कलह और मतभेदों की चर्चा के बीच शुक्रवार की इस रैली में उनकी उपस्थिति या अनुपस्थिति पर विशेष ध्यान रहेगा।













