द टारगेट न्यूज डेस्क
(Indian-Origin Woman Strangled to Death in Canada, Partner Charged with Murder)कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के एडमॉन्टन शहर में भारतीय मूल की 23 वर्षीय दमनप्रीत कौर की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने उनके 22 वर्षीय साथी रितिश कुमार को गिरफ्तार कर सेकेंड-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया है।
एडमॉन्टन पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई की शाम करीब 6:44 बजे सिल्वर बेरी इलाके के एक घर से एक महिला के बेहोश होने और संदिग्ध चोटों की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दमनप्रीत कौर को गंभीर हालत में पाया। पैरामेडिक्स ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान 12 जुलाई को उनकी मौत हो गई।

14 जुलाई को हुए पोस्टमार्टम में पुष्टि हुई कि दमनप्रीत कौर की मौत हत्या के कारण हुई है। बाद में पुलिस ने खुलासा किया कि उनकी मौत गला घोंटने (Strangulation) से हुई थी।
जांच के बाद 22 जुलाई 2026 को पुलिस ने 22 वर्षीय रितिश कुमार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सेकेंड-डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि यह मामला घनिष्ठ साथी (Intimate Partner Homicide) द्वारा की गई हत्या का है और फिलहाल इस मामले में किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है।
कनाडियन विमेंस फाउंडेशन के अनुसार, घनिष्ठ साथी द्वारा हिंसा (Intimate Partner Violence), जिसे घरेलू या वैवाहिक हिंसा भी कहा जाता है, लैंगिक हिंसा का एक गंभीर रूप है। संस्था के आंकड़ों के मुताबिक, कनाडा में लगभग हर छह दिन में एक महिला अपने वर्तमान या पूर्व साथी के हाथों मारी जाती है।



















