गुवाहाटी। टारगेट न्यूज नेटवर्क
असम के गुवाहाटी में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हाटीगांव इलाके में एक युवक पर अपनी पत्नी की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश करने का आरोप है। पुलिस ने मामले में आरोपी पति रामानुजन गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने हत्या के बाद शव के साथ छेड़छाड़ की और उसके कुछ अंग अलग कर दिए। मामले का खुलासा तब हुआ, जब फ्लैट से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। वहां रिया का शव बरामद किया गया। जांच के दौरान आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। सोमवार सुबह पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
शव को ठिकाने लगाने की कोशिश का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वारदात के बाद आरोपी उसी कमरे में मौजूद रहा और बाद में वहां से फरार हो गया।
छह महीने पहले हुई थी शादी
रिया और रामानुजन की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। शादी के बाद दोनों गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में किराए के फ्लैट में रह रहे थे।
रिया फैंसी बाजार स्थित एक बुटीक में काम करती थी, जबकि रामानुजन कैब चलाता था। रिया के परिवार में उसका एक भाई बताया गया है।
आरोपी पर पहले भी केस दर्ज
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रामानुजन का पैतृक घर धुबरी जिले के गौरीपुर में है, जहां उसके माता-पिता रहते हैं। उसके खिलाफ धुबरी थाने में ATM चोरी से जुड़ा मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इनके जरिए मामले से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।













