ऊना। राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता एवं कुटलैहड़ विधान सभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने समूर कलां पंचायत में आयोजित सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्यतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित अन्य खिलाड़ियों को सम्मानित किया। विधायक ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और क्षेत्र के युवाओं को बधाई देते हुए 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने समूर कलां के खेल मैदान को बेहतर सुविधाओं से युक्त स्टेडियम के रूप में विकसित करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने पंचायत में लिंक सड़क निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत खिलाड़ियों को उचित मंच, बेहतर खेल सुविधाएं और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध करवाने की है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का आह्वान
विधायक विवेक शर्मा ने खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश और समाज का भविष्य है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी भाईचारे और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। क्रिकेट जैसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं और युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें और खेलों, शिक्षा तथा रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को प्रभावित करता है,जबकि खेल उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनाते हैं। कुटलैहड़ क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उनका प्रयास है कि कुटलैहड़ के गांवों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिले और स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हों। समूर कलां के खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करने की घोषणा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और भविष्य में बड़े स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं मजबूत होंगी। उन्होंने क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसे आयोजन युवाओं को एक मंच पर लाने के साथ-साथ आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। अंत में उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए नशामुक्त कुटलैहड़ और स्वस्थ युवा पीढ़ी के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।


















