Home Haryana पंजाब चुनाव से पहले BJP का बड़ा बयान ! SAD से गठबंधन की अटकलों पर नायब सैनी ने लगाया विराम

पंजाब चुनाव से पहले BJP का बड़ा बयान ! SAD से गठबंधन की अटकलों पर नायब सैनी ने लगाया विराम

चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित

(Big Statement from BJP Ahead of Punjab Elections! Naib Saini Puts an End to Speculations Over Alliance with SAD) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जो पंजाब में बीजेपी के राजनीतिक अभियान की कमान संभाल रहे हैं, ने राज्य में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ गठबंधन की किसी भी संभावना से इनकार किया है। सैनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “बीजेपी का गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है।” उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद पंजाब में बीजेपी की सरकार बनेगी। दरअसल, हाल ही में SAD अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में हुई मुलाकात के बाद दोनों दलों के बीच दोबारा गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के 140 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं और वह किसी से भी मुलाकात कर सकते हैं। उन्होंने गठबंधन की अटकलों पर हैरानी जताते हुए कहा कि कुछ लोग तो इस मुलाकात के बाद यह कहकर जश्न मनाने लगे कि आखिरकार “समय दे दिया गया।” हालांकि, सैनी के बयान से फिलहाल गठबंधन की चर्चाओं पर विराम लगता दिखाई दे रहा है, लेकिन पंजाब की राजनीति में चुनाव से पहले समीकरण तेजी से बदल सकते हैं। बादल और पीएम मोदी की मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पंजाब विधानसभा चुनाव अब ज्यादा दूर नहीं हैं।

23 साल चला था BJP-SAD गठबंधन
बीजेपी और अकाली दल लंबे समय तक सहयोगी रहे हैं। दोनों दलों ने मिलकर पंजाब में तीन बार सरकार बनाई। यह गठबंधन 1997 से 2002, 2007 से 2012 और 2012 से 2017 तक सत्ता में रहा। कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के रिश्तों में दरार आई। सितंबर 2020 में करीब 23 साल पुराना गठबंधन आधिकारिक तौर पर खत्म हो गया। SAD ने पहले कृषि कानूनों का समर्थन किया, लेकिन बाद में विरोध करते हुए उन्हें वापस लेने की मांग की। इसके बाद अकाली दल NDA से अलग हो गया और 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव बीजेपी से अलग होकर लड़ा। इस चुनाव में पार्टी को बड़ा राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा।

AAP सरकार पर भी सैनी का हमला
सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान नायब सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार ने भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है। सैनी ने चुनाव से पहले महिलाओं को ‘मावां धियां’ योजना के तहत आर्थिक सहायता दिए जाने का भी जिक्र किया। उनका दावा है कि दूसरी ओर कई लाभार्थियों को मिलने वाली विधवा पेंशन जैसी सुविधाएं बंद कर दी गई हैं। पंजाब में चुनावी माहौल गर्म होने के साथ ही बीजेपी, SAD और AAP के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में गठबंधन और चुनावी रणनीति को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।

Translate »
error: Content is protected !!