द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“NEET 2026 Big Update”) देशभर के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) द्वारा जारी MBBS सीट मैट्रिक्स 2026-27 के अनुसार इस साल भारत में MBBS सीटों की संख्या पहली बार 1.36 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। पिछले शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जहां 818 मेडिकल कॉलेजों में 1,28,976 सीटें उपलब्ध थीं, वहीं अब 823 मेडिकल कॉलेजों में कुल 1,36,939 MBBS सीटें होंगी। यानी एक साल में करीब 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी और 7,963 नई सीटों का इजाफा हुआ है।
इस वर्ष 441 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 63,296 सीटें और 382 निजी मेडिकल कॉलेजों में 73,643 सीटें उपलब्ध होंगी। इनमें 9,911 नई सीटें जोड़ी गई हैं, जबकि 1,27,028 सीटें पहले से संचालित कॉलेजों में नवीनीकरण के तहत हैं। इसके अलावा 25 नए मेडिकल कॉलेजों की शुरुआत से 2,400 नई MBBS सीटें भी जुड़ी हैं, जिनमें 7 सरकारी और 18 निजी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं।
राज्यवार सीटों की बात करें तो कर्नाटक 15,395 सीटों के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद उत्तर प्रदेश (14,000), तमिलनाडु (13,999), महाराष्ट्र (13,099) और तेलंगाना (10,250) का स्थान है। पंजाब में इस बार 1,850 MBBS सीटें, जबकि चंडीगढ़ में 200 सीटें उपलब्ध रहेंगी।
हालांकि इस सीट मैट्रिक्स में AIIMS, JIPMER और PGI Chandigarh जैसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों (INIs) की सीटें शामिल नहीं हैं, जहां हर साल लगभग 2,900 MBBS सीटें अलग से उपलब्ध होती हैं।
काउंसलिंग शुरू होने से पहले आई यह घोषणा लाखों NEET अभ्यर्थियों के लिए राहत लेकर आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि सीटों में बढ़ोतरी से अधिक छात्रों को सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में दाखिला मिलने की संभावना बढ़ेगी और मेडिकल शिक्षा तक पहुंच पहले की तुलना में और आसान होगी।



















