चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab: Younger Brother Dies Tragically While Seeing His Sister Off to the School Bus “) पंजाब के लुधियाना जिले के थाना कूमकलां क्षेत्र के गांव सालू भैणी से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अपनी बड़ी बहन को स्कूल बस में बैठाने गया तीन साल का मासूम समरदीप सिंह स्कूल बस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, समरदीप सिंह की बहन रमणदीप कौर रोजाना की तरह निजी स्कूल जाने के लिए अपनी मां अमनदीप कौर के साथ सड़क किनारे स्कूल बस का इंतजार कर रही थी। मासूम समरदीप भी अपनी मां के साथ बहन को बस में बैठाने गया था। जब बस पहुंची तो रमणदीप को सुरक्षित बस में बैठा दिया गया। इसके बाद मां अपने छोटे बेटे का हाथ पकड़कर बस के सामने से सड़क पार कर रही थी।
इसी दौरान आरोप है कि बस चालक ने बिना यह सुनिश्चित किए कि सभी लोग सुरक्षित हट चुके हैं, बस आगे बढ़ा दी। अचानक बस का टायर तीन वर्षीय समरदीप के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर वहां से भाग निकला, हालांकि ग्रामीणों ने कुछ किलोमीटर दूर जाकर बस को रोक लिया।
मासूम की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। सूचना मिलते ही थाना कूमकलां पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और बस चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



















