चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
आम आदमी पार्टी (AAP) कल 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की बैठक में शामिल होने के बाद यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, "आज पंजाब में उम्मीदवारों और प्रमुख मुद्दों पर चर्चा के लिए बैठक हुई। कल पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की एक और बैठक होगी, जिसमें उम्मीदवारों को अंतिम रूप देकर उनके नामों की घोषणा की जाएगी।"
पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी अपने विरोधियों से पहले चुनावी तैयारियों में जुट गई है। इसी रणनीति के तहत आज पार्टी ने विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों और अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। दो दिन पहले ही ‘द ट्रिब्यून’ ने विशेष रिपोर्ट प्रकाशित कर बताया था कि पंजाब चुनाव की रणनीति को लेकर बैठक इसी सप्ताहांत आयोजित की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री भगवंत मान आज सुबह दिल्ली रवाना हुए थे। वहां उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया के साथ 117 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों की सूची पर चर्चा की।
बैठक में पंजाब AAP के अध्यक्ष अमन अरोड़ा और पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य एवं वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, AAP का शीर्ष नेतृत्व करीब 15 उम्मीदवारों के नाम लगभग फाइनल कर चुका है। कल होने वाली घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी चुनावी राज्य पंजाब में उम्मीदवारों की सूची जारी करने वाली पहली राजनीतिक पार्टी बन सकती है।
पंजाब में विधानसभा चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फरवरी 2027 में होने हैं।
सूत्रों के अनुसार, आज की शुरुआती चर्चा में उन उम्मीदवारों पर विशेष ध्यान दिया गया, जो दो बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। इनमें से अधिकतर को लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ने का मौका दिए जाने की संभावना है।
वहीं, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से राज्य में चुनावी तैयारियों की समीक्षा और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवारों की घोषणा काफी पहले करना चाहती है।
पार्टी का मानना है कि उम्मीदवारों को पहले से मैदान में उतारने से उन्हें मतदाताओं तक पहुंचने, अपने क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ाने और समर्थन जुटाने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
गौरतलब है कि 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में फिलहाल आम आदमी पार्टी के 94 विधायक हैं।


















