नाहन । राजवीर दीक्षित
Baby Girl Born in Moving Bus: Woman Gives Birth in HRTC Bus हिमाचल प्रदेश से एक अनोखा और भावुक मामला सामने आया है, जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की चलती बस में एक गर्भवती महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। बताया जा रहा है कि एचआरटीसी की बस में बच्चे के जन्म का यह पहला मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार कुंहट–हरिपुरधार–रेणुकाजी–नाहन रूट पर चलने वाली निगम की बस शुक्रवार शाम करीब 7 बजे ददाहू से नाहन के लिए रवाना हुई थी। इसी बस में मलगांव की रहने वाली गर्भवती महिला सरोज अपने पति और सास के साथ प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन जा रही थीं। तीनों बस की पिछली बड़ी सीट पर बैठ गए।
बताया जा रहा है कि जमटा से आगे दोसड़का के पास अचानक महिला को प्रसव पीड़ा तेज हो गई और वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। स्थिति को देखते हुए बस में बैठे पुरुष यात्री आगे की सीटों पर चले गए और बस में मौजूद महिलाएं पीछे आकर मदद के लिए जुट गईं।
इसी दौरान बस में ही महिला की डिलीवरी हो गई और उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। यह पूरा घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि बस के यात्रियों को भी कुछ समझ नहीं आया।
बाद में बस में मौजूद एक महिला यात्री ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। इसके बाद बस चालक ने बिना समय गंवाए बस को नाहन की ओर तेज़ी से बढ़ाया।
बनोग के पास एंबुलेंस पहुंची, जहां जच्चा और नवजात बच्ची को सुरक्षित एंबुलेंस में शिफ्ट कर मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया गया।
मेडिकल कॉलेज नाहन के गायनी विभाग के एचओडी डॉ. अमोद सिंह ने बताया कि महिला ने शाम करीब 8 बजकर 15 मिनट पर बस में ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल में मां और बच्ची दोनों की हालत सामान्य और सुरक्षित बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार महिला प्रसव की तारीख से पहले ही अस्पताल में भर्ती होने के लिए जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और चलती बस में ही बच्ची का जन्म हो गया।यह घटना जहां एक तरफ लोगों के लिए हैरानी भरी रही, वहीं बस में मौजूद महिलाओं की सूझबूझ और चालक की तत्परता की भी खूब सराहना की जा रही है।
















