Home Business आधार को लेकर फ्रॉड और बैंक खाता हो गया खाली! इस तरह...

आधार को लेकर फ्रॉड और बैंक खाता हो गया खाली! इस तरह वापस मिलेंगे पैसे

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Bank account emptied due to Aadhaar fraud! Here’s how you can get your money back”) आधार इनेबल पेमेंट सिस्टम (AEPS) ने बैंकिंग सेवाओं को काफी आसान बना दिया है। अब लोग सिर्फ अंगूठा लगाकर पैसे निकालने और कई जरूरी बैंकिंग सुविधाओं का फायदा उठा सकते हैं। लेकिन सुविधा के साथ-साथ साइबर ठगों ने इसे लोगों को निशाना बनाने का नया हथियार भी बना लिया है। देशभर में ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं, जहां AEPS फ्रॉड के जरिए लोगों के बैंक खाते मिनटों में खाली कर दिए गए।

साइबर दोस्त (I4C) ने इस तरह की ठगी से बचने और पैसा वापस पाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर आपके खाते से बिना अनुमति के पैसा निकल जाए तो सबसे पहले घबराने की बजाय तुरंत कार्रवाई करना बेहद जरूरी है। अक्सर लोग शिकायत दर्ज कराने में देरी कर देते हैं, जिसकी वजह से पैसे की रिकवरी मुश्किल हो जाती है।

अगर आपके साथ AEPS फ्रॉड होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। इसके अलावा 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके भी तुरंत जानकारी दें। जितनी जल्दी शिकायत दर्ज होगी, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी ज्यादा बढ़ जाती है।

सिर्फ साइबर पोर्टल पर शिकायत करना ही काफी नहीं है। आपको तुरंत अपने बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क करना चाहिए और पूरे मामले की जानकारी देकर ‘चार्जबैक’ की मांग करनी चाहिए। बैंक में ट्रांजैक्शन डिस्प्यूट फॉर्म भरना भी जरूरी होता है। साथ ही फ्रॉड से जुड़े सभी जरूरी सबूत जैसे मैसेज, ट्रांजैक्शन डिटेल और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें।

साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को आधार नंबर, OTP या बायोमेट्रिक जानकारी साझा न करें। छोटी सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई को खतरे में डाल सकती है। सतर्क रहें, जागरूक रहें और अपने परिवार को भी ऐसे साइबर फ्रॉड से बचने के लिए जागरूक करें।

Translate »
error: Content is protected !!