Home Rupnagar आनंदपुर साहिब को बड़ी सौगात, 5.87 करोड़ से बनेगा आधुनिक ट्रॉमा सेंटर

आनंदपुर साहिब को बड़ी सौगात, 5.87 करोड़ से बनेगा आधुनिक ट्रॉमा सेंटर

श्री आनंदपुर साहिब। राजवीर दीक्षित

 

(A major gift for Anandpur Sahib: a modern trauma center to be built at a cost of ₹5.87 crore) श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित विकास कार्यों के तहत श्री आनंदपुर साहिब में स्वास्थ्य सुविधाओं को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने भाई जैता जी सिविल अस्पताल में 5.87 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर का नींव पत्थर रखा। इस केंद्र का निर्माण 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉरपोरेशन की ओर से बनाए जाने वाले इस ट्रॉमा सेंटर में 10 बेड की सुविधा होगी। इसके अलावा करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मेडिकल उपकरण लगाए जाएंगे। लगभग 16,500 वर्ग फुट क्षेत्र में बनने वाली इमारत में ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल होगी।

हादसों के मरीजों को मिलेगा तुरंत इलाज

समारोह को संबोधित करते हुए हरजोत बैंस ने कहा कि सड़क हादसों और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी है। ट्रॉमा सेंटर बनने से श्री आनंदपुर साहिब और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

उन्होंने बताया कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर ट्रायेज एरिया बनाया जाएगा। यहां आपात स्थिति में पहुंचने वाले मरीजों की प्राथमिक जांच कर उनकी हालत की गंभीरता के अनुसार उपचार को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

बैंस ने कहा कि धार्मिक समागमों और त्योहारों के दौरान श्री आनंदपुर साहिब में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही भी काफी रहती है। ऐसे में ट्रॉमा सेंटर स्थानीय निवासियों के साथ श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

गुरु नगरी के विकास पर सरकार का जोर

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की 350वीं वर्षगांठ को समर्पित शहर में कई विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नगरी की स्वच्छता और विकास के लिए किए गए प्रयासों को भारत सरकार की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों राष्ट्रीय सम्मान मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय संत-महापुरुषों के आशीर्वाद, सफाई कर्मचारियों की मेहनत, नगर परिषद के पार्षदों, अधिकारियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।

78 हजार महिलाओं को योजना का लाभ

बैंस ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की करीब 78 हजार महिलाओं को मावां-धियां सत्कार योजना का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत भी श्री आनंदपुर साहिब में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि बेलियां में तीन बड़े पुलों का निर्माण जारी है। चंगर क्षेत्र की सिंचाई समस्या के समाधान के लिए लिफ्ट सिंचाई योजना के माध्यम से सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि तक पानी पहुंचाया गया है।

शिक्षा, सड़क और खेल सुविधाओं पर भी काम

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि स्कूल ऑफ एमिनेंस से सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेहतर हुआ है। कीरतपुर साहिब में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ एसटीपी और डब्ल्यूटीपी स्थापित करने के वादे भी पूरे किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 18 फुट चौड़ी सड़कों का निर्माण करवाया जा रहा है। छह करोड़ रुपये की लागत से दावत पैलेस का आधुनिकीकरण किया जाएगा। खेलों को बढ़ावा देने के लिए अगले 15 दिनों में प्रदेश की बेहतरीन शूटिंग रेंज लोगों को समर्पित करने का लक्ष्य है।

विरोधियों पर भी साधा निशाना

समारोह के दौरान बैंस ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विरोधी दल गुरु नगरी के सम्मान और राष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धियों की भी आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, तीर्थ यात्रा और ग्रामीण विकास सहित कई क्षेत्रों में काम कर रही है। उनके मुताबिक, विपक्ष के पास विकास कार्यों की आलोचना के अलावा कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष हरजीत सिंह जीता, जिला अध्यक्ष डॉ. संजीव गौतम, डीएफपीओ डॉ. अंजली चौधरी, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिंदर सिंह, डीएसपी जशनदीप सिंह, नायब तहसीलदार जसविंदर कौर, मार्केट कमेटी चेयरमैन चन्नण सिंह पम्मू ढिल्लों, दीपक सोनी, इंदरजीत सिंह अरोड़ा, दीपक आंगरा, जatin कौशल, हरपाल कौर, ममता शर्मा, वीर कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
पोते द्वारा गिरवी रखे गए घर के विवाद में पंचकुला के 83 वर्षीय व्यक्ति, पत्नी को हाई कोर्ट से राहत मिली पंजाब में तीर्थयात्रियों की दो बसें भिड़ीं, 4 की मौत; 21 घायल आनंदपुर साहिब को बड़ी सौगात, 5.87 करोड़ से बनेगा आधुनिक ट्रॉमा सेंटर विशेषज्ञ भारत के लिए निहितार्थ बताते हैं क्योंकि मक्का समझौते से पाकिस्तान को कूटनीतिक बढ़ावा मिलता है भारत के फैसले पर टिकी शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी चरण कौर के दाह संस्कार में शामिल होने के लिए एमपी और 5 पुलिस कर्मियों की यात्रा, हवाई किराया खर्च अमृतपाल का परिवार उठाएगा धमकियों के बीच दिलजीत दोसांझ का शो, 7.17 करोड़ के टिकट बिके शिअद ने आप के मुफ्त बिजली दावों पर सवाल उठाए; पूछते हैं कि 25 लाख उपभोक्ताओं पर 2,516 करोड़ रुपये बकाया कैसे हो गया पंजाब भाजपा के पुराने नेताओं ने अकाली दल के साथ नये गठबंधन का विरोध किया पंजाब में भाजपा का बड़ा दांव, जालंधर से निकलेगी समरसता संकल्प यात्रा