चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Government set to change currency notes from ₹1 to ₹500! RBI may introduce plastic currency notes”) क्या भारत में जल्द बदल जाएंगे ₹1 से ₹500 तक के नोट? बड़ी खबर सामने आ रही है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) देश में प्लास्टिक यानी पॉलिमर करेंसी नोट लाने की तैयारी कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर RBI की हालिया बोर्ड बैठकों में विस्तार से चर्चा हुई है और जल्द ही इन नोटों का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जा सकता है।
प्लास्टिक नोटों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये सामान्य कागजी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ होते हैं, जल्दी फटते नहीं हैं और इनकी छपाई व रखरखाव की लागत भी कम पड़ती है। यही वजह है कि दुनिया के कई देशों में पहले से ही पॉलिमर नोटों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
दरअसल, देश में फटे-पुराने नोटों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2024-25 में 2.38 लाख करोड़ से ज्यादा पुराने और खराब नोटों को चलन से बाहर किया गया, जिनमें सबसे अधिक ₹500 और ₹100 के नोट शामिल थे। वहीं नोटों की छपाई पर खर्च भी बढ़कर 6,372 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है।
इसके अलावा ₹10 और ₹20 के नोटों की मांग में भी लगातार इजाफा देखने को मिला है। ऐसे में RBI अब एक ऐसे विकल्प पर विचार कर रहा है जो लंबे समय तक टिक सके और लागत भी कम करे।
हालांकि अभी तक RBI की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अगर यह योजना लागू होती है तो भारतीय करेंसी में यह एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।



















