चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“NEET UG 2026 Candidates to Get 15 Extra Minutes, NTA Takes a Major Decision”) देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET (UG) 2026 परीक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है, जिनका उद्देश्य उम्मीदवारों को अधिक सुविधाजनक और तनावमुक्त परीक्षा अनुभव प्रदान करना है। NTA के नए फैसले के तहत अब अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। परीक्षा की कुल अवधि बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है और यह दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
एजेंसी के अनुसार, इस अतिरिक्त समय में परीक्षा शुरू होने और समाप्त होने के दौरान होने वाली औपचारिक प्रक्रियाएं, जैसे हस्ताक्षर और अन्य आवश्यक कार्यवाही, भी शामिल होंगी। इससे छात्रों का वास्तविक प्रश्न हल करने का समय प्रभावित नहीं होगा और उन्हें पूरे समय का लाभ मिलेगा।
इसके अलावा, NTA ने प्रश्न-पत्र पुस्तिका में रफ वर्क के लिए उपलब्ध पन्नों की संख्या भी बढ़ा दी है। पहले जहां केवल दो रफ वर्क पेज दिए जाते थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़ाकर चार कर दी गई है। छात्र इन पन्नों का उपयोग गणना, डायग्राम और अन्य जरूरी कार्यों के लिए कर सकेंगे।
खास बात यह है कि बाएं हाथ से लिखने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रफ वर्क पन्नों की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। अब दो पन्ने निर्देश पृष्ठ के तुरंत बाद और दो पन्ने पुस्तिका के अंत में उपलब्ध होंगे। यह नया प्रारूप अंग्रेजी और सभी क्षेत्रीय भाषाओं के प्रश्न-पत्रों में लागू किया जाएगा।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि NTA का यह कदम छात्रों के हित में है और इससे परीक्षा के दौरान समय के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। NEET 2026 की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों ने भी इन बदलावों का स्वागत किया है।



















