चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Congress High Command Appoints 3 Observers to Assess Punjab’s Political Situation Ahead of Assembly Elections”) पंजाब में बदलते राजनीतिक समीकरणों और आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने बड़ा कदम उठाया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालातों का आकलन करने के लिए तीन वरिष्ठ नेताओं—Ajay Maken, Meenakshi Natarajan और Bhajan Lal Jatav—को पंजाब का ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। तीनों नेता जल्द ही पंजाब का दौरा कर पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों से फीडबैक लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस हाईकमान पहले ही पंजाब में दो चुनावी सर्वेक्षण करवा चुका है, लेकिन दोनों सर्वे की रिपोर्टों में कई मुद्दों पर अलग-अलग राय सामने आई है। खासकर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और संगठनात्मक ढांचे को लेकर मिले संकेतों ने पार्टी नेतृत्व को नए सिरे से स्थिति का आकलन करने के लिए प्रेरित किया है।
ऑब्जर्वर अपने दौरे के दौरान प्रदेश में कांग्रेस की मौजूदा स्थिति, संगठन की मजबूती और कमजोरियों, जनता के रुझान तथा चुनावी संभावनाओं का विस्तृत अध्ययन करेंगे। इसके बाद वे अपनी रिपोर्ट हाईकमान को सौंपेंगे, जिसके आधार पर पंजाब में कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति तय की जाएगी।
आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस का फोकस पूरी तरह पंजाब पर है और माना जा रहा है कि ऑब्जर्वरों की रिपोर्ट के बाद प्रदेश कांग्रेस में बड़े संगठनात्मक और राजनीतिक फैसले भी देखने को मिल सकते हैं।



















