Home Chandigarh सवा 3 किलो का आम! ‘नूरजहां’ ₹3,800 में बिका

सवा 3 किलो का आम! ‘नूरजहां’ ₹3,800 में बिका

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“”A 3.25 kg Mango! ‘Noorjahan’ Sold for ₹3,800”) क्या आपने कभी ऐसा आम देखा है जिसकी कीमत हजारों रुपये हो और वजन एक छोटे बच्चे जितना? मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के कठीवाड़ा क्षेत्र में इन दिनों ‘आमों की रानी’ कहलाने वाली नूरजहां किस्म का आम चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इस सीजन में अब तक का सबसे बड़ा नूरजहां आम 3.30 किलोग्राम वजन का निकला है, जिसे 3800 रुपये में बेचा गया।

आम उत्पादक भरतराज सिंह जाधव के अनुसार उनके बगीचे में लगे नूरजहां आमों की फसल इस बार काफी अच्छी रही है। उन्होंने बताया कि कई बड़े फल अभी भी पेड़ों पर लगे हुए हैं और महीने के अंत तक उनका वजन 4 किलोग्राम तक पहुंच सकता है। उनके बगीचे में नूरजहां आम के 2 पुराने और 11 नए ग्राफ्टेड पेड़ हैं, जिन पर अब अच्छी पैदावार मिलने लगी है।

इस दुर्लभ आम की मांग केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात से भी खरीदार पहुंच रहे हैं। हाल ही में तमिलनाडु से भी इसके बारे में पूछताछ की गई। खास बात यह है कि इस सीजन में नूरजहां आम संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका और स्पेन तक भी पहुंच चुका है। हालांकि इनका सीधा निर्यात नहीं हुआ, बल्कि लोग इन्हें अपने रिश्तेदारों के माध्यम से विदेश ले गए।

उच्च कीमत और दुर्लभता के कारण बगीचे की सुरक्षा के लिए 10 गार्ड तैनात किए गए हैं। किसान बताते हैं कि नूरजहां आम की खेती पूरी तरह जैविक तरीके से की जाती है और इसमें किसी रासायनिक पदार्थ का उपयोग नहीं किया जाता।

जानकारों के अनुसार कुछ दशक पहले नूरजहां आम का वजन 4.50 किलोग्राम तक पहुंच जाता था, लेकिन अब यह आमतौर पर 3.50 से 3.80 किलोग्राम के बीच रहता है। फिर भी इसका आकार, स्वाद और दुर्लभता इसे देश के सबसे खास आमों में शामिल करते हैं।

Translate »
error: Content is protected !!