Home Chandigarh पंजाब में फायरिंग की घटनाओं के बाद चंडीगढ़ हाई अलर्ट पर, सीमा...

पंजाब में फायरिंग की घटनाओं के बाद चंडीगढ़ हाई अलर्ट पर, सीमा सील सघन जांच शुरू

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Punjab Firing Aftermath: Chandigarh on High Alert, Massive Security Check Across the City “) पंजाब के राजपुरा और बटाला में हाल ही में हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद चंडीगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए देर रात तक विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। शहर के सभी प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर सख्त नाकाबंदी कर वाहनों की गहन जांच की गई, जबकि क्लब, बार, होटल, गेस्ट हाउस और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर अचानक पुलिस की टीमें पहुंचीं।

ऑपरेशन सेल, थाना पुलिस और पीसीआर की संयुक्त टीमों ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और जरूरत पड़ने पर उनकी पहचान और सामान की भी जांच की। क्लब और बार में मौजूद लोगों के आईडी कार्ड चेक किए गए तथा यह भी देखा गया कि कहीं निर्धारित समय के बाद तो संचालन नहीं हो रहा। ट्राईसिटी और अन्य राज्यों से आने वाले लोगों पर भी विशेष नजर रखी गई।

इस बीच चंडीगढ़ के एसएसपी कंवरदीप कौर ने सभी डीएसपी के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारियों को लगातार फील्ड में रहने, संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने, प्रमुख मार्गों पर कड़ी नाकाबंदी करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।

बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। दिन के साथ-साथ रात में भी लगातार पेट्रोलिंग जारी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

फिलहाल चंडीगढ़ में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहतीं। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Translate »
error: Content is protected !!