द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“207 Liquor Cartons Seized in Bilaspur, Accused Arrested “) हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिला पुलिस ने अपने विशेष अभियान के तहत एक पिकअप जीप से 200 पेटी बीयर और 7 पेटी अंग्रेजी शराब, यानी कुल 207 पेटियां बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सदर थाना पुलिस की टीम बीती रात मंडी-भराड़ी क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप जीप को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब चालक से शराब परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज और परमिट मांगे गए तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शराब से भरी जीप को कब्जे में ले लिया और चालक सुनील कुमार (27 वर्ष) निवासी सुमाड़ी, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत थाना सदर बिलासपुर में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने कहा कि जिले में नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब या नशे के कारोबार की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।



















