द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“Gary Sandhu DND Album Leak “) पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर गैरी संधू एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई नया गाना नहीं बल्कि उनकी आने वाली एल्बम DND का रिलीज़ से पहले ही इंटरनेट पर कथित तौर पर लीक हो जाना है। इस घटना के बाद गैरी संधू ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपनी नाराज़गी खुलकर जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसी ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया और एल्बम को जानबूझकर समय से पहले लीक कर दिया।
गैरी संधू के मुताबिक, DND सिर्फ एक ईपी (EP) नहीं बल्कि एक फुल-फ्लेज्ड एल्बम थी, जिसमें अभी 3-4 नए गाने और जोड़े जाने बाकी थे। उनका कहना है कि एल्बम अभी पूरी तरह तैयार भी नहीं हुई थी, लेकिन उससे पहले ही किसी ने इसे ऑनलाइन लीक कर दिया। उन्होंने नाराज़गी जताते हुए कहा कि किसी “पतंदर” ने उनकी पूरी मेहनत खराब कर दी।
इतना ही नहीं, गैरी संधू ने अपने फैंस के साथ लाइव बातचीत के दौरान गुस्से में अपनी एल्बम का एक अनरिलीज़्ड ट्रैक भी गाकर सुना दिया। उन्होंने कहा कि अब जब मेहनत पर पानी फिर ही गया है तो कम से कम उनके चाहने वाले उस गाने की झलक सुन लें। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई।
गैरी संधू ने यह भी बताया कि DND का मतलब Doaba Never Die भी हो सकता है और Do Not Disturb भी। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर काफी समय से मेहनत चल रही थी और वह इसे बड़े स्तर पर रिलीज़ करना चाहते थे।
फिलहाल यह मामला पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है। फैंस गैरी संधू के समर्थन में उतर आए हैं और एल्बम लीक करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि गैरी संधू अपनी इस बहुप्रतीक्षित एल्बम को कब और किस रूप में आधिकारिक तौर पर रिलीज़ करेंगे।



















