चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
(Election Commission’s major decision: Booth Level Officers and supervisors to receive a one-time honorarium of ₹6,000. )भारत निर्वाचन आयोग (EC) ने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के तहत मतदाता सूची संशोधन कार्य में लगे सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और बूथ लेवल सुपरवाइजरों (BLS) को 6,000 रुपये का एकमुश्त मानदेय देने का फैसला किया है।
मंगलवार रात जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय उन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों पर लागू होगा, जहां वर्तमान में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इनमें पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ भी शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि मतदाता सूची संशोधन के दौरान अधिकारियों पर कार्यभार काफी अधिक रहता है। इसी अतिरिक्त जिम्मेदारी को देखते हुए यह 6,000 रुपये का विशेष मानदेय स्वीकृत किया गया है। यह राशि अधिकारियों को मिलने वाले नियमित वेतन या पारिश्रमिक के अतिरिक्त दी जाएगी।
आयोग ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, दादरा एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव, झारखंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में भी चल रहा है।
इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस अभियान से जुड़े बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और बूथ लेवल सुपरवाइजर (BLS) इस एकमुश्त मानदेय का लाभ प्राप्त करेंगे।



















