मोहाली । राजवीर दीक्षित
(Playing with Public Health! FSSAI Takes Major Action Against Mohali-Based Company, Suspends Licence After Finding Filthy Factory Conditions) देश की खाद्य सुरक्षा नियामक संस्था FSSAI (फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने मोहाली स्थित रीहान हेल्थकेयर पर बड़ा शिकंजा कसते हुए उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच के दौरान कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में गंभीर अनियमितताएं और बेहद अस्वच्छ परिस्थितियां सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
सेक्टर-82 स्थित JLPL इंडस्ट्रियल एरिया में मौजूद यह कंपनी डाइजेस्टिव सिरप, मल्टी-विटामिन सिरप और अन्य सिरप आधारित फूड प्रोडक्ट्स का निर्माण करती है। FSSAI ने कंपनी को सभी कमियां दूर होने और सक्षम प्राधिकारी द्वारा सत्यापन किए जाने तक उत्पादन पूरी तरह बंद रखने के आदेश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में गंदगी, कीचड़, मकड़ी के जाले, फफूंदी, मक्खियां, कीटों का प्रकोप और खुले में पड़ा खाद्य कचरा मिला। इसके अलावा कच्चे माल का अव्यवस्थित भंडारण, खराब हाउसकीपिंग, अपर्याप्त स्टोरेज, कम कार्यस्थल, खराब वेंटिलेशन और जर्जर इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी गंभीर खामियां भी सामने आईं।
FSSAI के अनुसार, फैक्ट्री को निरीक्षण में केवल 12 प्रतिशत अनुपालन (Compliance Score) मिला, जो बेहद गंभीर स्तर की लापरवाही और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को दर्शाता है।
नियामक संस्था ने कहा कि यह यूनिट हेल्थ सप्लीमेंट्स और न्यूट्रास्यूटिकल्स बनाती है, जिनका सेवन बच्चों और अन्य संवेदनशील वर्गों द्वारा भी किया जाता है। ऐसे में फैक्ट्री की अस्वच्छ स्थिति और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर और तात्कालिक खतरा पैदा करती है।
FSSAI ने स्पष्ट किया है कि सभी कमियों को दूर कर दोबारा जांच में संतोषजनक रिपोर्ट मिलने तक कंपनी को उत्पादन की अनुमति नहीं दी जाएगी।



















