Home Chandigarh मोहाली में पुलिस पर खूनी हमला! नशा तस्करों ने चलाई गोलियां, तलवारों...

मोहाली में पुलिस पर खूनी हमला! नशा तस्करों ने चलाई गोलियां, तलवारों से किया वार, 2 जवान घायल

मोहाली । राजवीर दीक्षित

(Bloody Attack on Police in Mohali! Drug Smugglers Open Fire, Assault Officers with Swords; Two Cops Injured) पंजाब के मोहाली में शनिवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच हुई हिंसक झड़प ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। बनूर-लांडरां रोड पर लगाए गए नाके के दौरान एंटी-नारकोटिक्स टीम पर अज्ञात बदमाशों ने गोलियां बरसा दीं और तलवारों से हमला कर दिया, जिसमें पंजाब पुलिस के दो कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल पुलिसकर्मियों की पहचान कांस्टेबल परमजीत सिंह और जगजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों को गोली और धारदार हथियारों से चोटें आईं। उन्हें तुरंत मोहाली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को नशीले पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद एंटी-नारकोटिक्स टीम ने बनूर-लांडरां रोड पर नाका लगाकर एक संदिग्ध वाहन को रोका। पूछताछ और तलाशी के दौरान विवाद बढ़ गया। इसी बीच संदिग्धों ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने आते ही पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ 3 से 4 राउंड फायरिंग कर दी और तलवारों व अन्य धारदार हथियारों से हमला बोल दिया।

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। एसपी (इन्वेस्टिगेशन) सौरव जिंदल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच के अनुसार पुलिस ने नशे की खेप ले जाने की सूचना पर कार्रवाई की थी। फिलहाल पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ जल्द ही मामला दर्ज किया जाएगा और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Translate »
error: Content is protected !!