Home Chandigarh Google Pay, PhonePe और Paytm पर अब नहीं दिखेगा मोबाइल नंबर, NPCI...

Google Pay, PhonePe और Paytm पर अब नहीं दिखेगा मोबाइल नंबर, NPCI का बड़ा फैसला

द टारगेट वेब डेस्क

(‘NPCI New UPI Privacy Rules: Mobile Numbers to Be Hidden on Google Pay, PhonePe & Paytm “) डिजिटल पेमेंट करने वाले करोड़ों भारतीयों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अब Google Pay, PhonePe, Paytm समेत सभी प्रमुख UPI ऐप्स पर लेनदेन के दौरान आपका पूरा मोबाइल नंबर दिखाई नहीं देगा। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) नियमों के तहत नया सर्कुलर जारी करते हुए सभी UPI सेवा प्रदाताओं और साझेदार बैंकों को 4 सितंबर तक इन नियमों को लागू करने के निर्देश दिए हैं।

नए नियमों के अनुसार, UPI लेनदेन के दौरान किसी भी ग्राहक का पूरा मोबाइल नंबर, UPI ID और अन्य संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं की जाएगी। खासकर QR कोड से भुगतान करने पर सामने वाले व्यक्ति को मोबाइल नंबर के केवल आखिरी चार अंक ही दिखाई देंगे। भुगतान पूरा होने के बाद मोबाइल नंबर पूरी तरह छिपा दिया जाएगा।

NPCI का कहना है कि यह कदम ग्राहकों की निजता और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाया गया है। सोशल मीडिया पर कई लोगों, विशेष रूप से महिलाओं, ने शिकायत की थी कि भुगतान के दौरान मोबाइल नंबर सामने आने से अनचाहे कॉल और मैसेज की समस्या बढ़ रही है। इसी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

इसके अलावा, NPCI ने UPI ऐप्स को यह सुविधा भी देने के निर्देश दिए हैं कि उपयोगकर्ता मोबाइल नंबर के बजाय यूजरनेम आधारित UPI ID बना सकें। फिलहाल अधिकांश लोग अपने मोबाइल नंबर को ही UPI ID के रूप में इस्तेमाल करते हैं, जिससे उनकी निजी जानकारी आसानी से सामने आ जाती है।

इस बदलाव के लागू होने के बाद UPI भुगतान पहले से अधिक सुरक्षित और गोपनीय होगा। साथ ही खबर यह भी है कि NPCI भविष्य में ऐसा फीचर लाने की तैयारी कर रहा है, जिससे उपयोगकर्ता एक ही UPI ऐप पर अपने सभी ऑटो-पेमेंट और सब्सक्रिप्शन की जानकारी देख सकेंगे। यह कदम डिजिटल भुगतान को और अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और यूजर-फ्रेंडली बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

Translate »
error: Content is protected !!