Home Nangal News कदम्बा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स बदहाल! बैंस पर डॉ. शर्मा का हमला

कदम्बा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स बदहाल! बैंस पर डॉ. शर्मा का हमला

नंगल। राजवीर दीक्षित 

 

(Kadamba Tourist Complex in a dilapidated state! Dr. Sharma lashes out at Bains) भाजपा पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने आज नंगल स्थित कदम्बा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स का दौरा किया और मौके पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी सरकार तथा कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस को उनके चुनावी वादों की याद दिलाते हुए कई गंभीर सवाल उठाए।

डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा कि करीब पांच साल पहले जब हरजोत सिंह बैंस विपक्ष में थे, तब उन्होंने इसी कदम्बा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में खड़े होकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी और आरोप लगाया था कि यह पर्यटन स्थल उजड़ चुका है, यहां ताले लगे हुए हैं। उन्होंने उस समय वादा किया था कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर इस स्थान को भव्य टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक होटल और रेस्टोरेंट बनाए जाएंगे तथा पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।

डॉ. शर्मा ने सवाल किया कि आज साढ़े चार साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद इस परिसर की स्थिति में कोई सुधार क्यों नहीं हुआ? जिस स्थान को भव्य पर्यटन केंद्र बनाने का वादा किया गया था, वह आज भी वीरान और बदहाल पड़ा है तथा नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। उन्होंने कहा कि हरजोत सिंह बैंस को नंगल की जनता को बताना चाहिए कि इन साढ़े चार वर्षों में इस परियोजना के लिए उन्होंने क्या किया और सरकार ने इस दिशा में कितना काम किया है। आज नंगल की जनता इस सवाल का जवाब मांग रही है।

डॉ. शर्मा ने कदम्बा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स से संबंधित जमीन के रेवेन्यू रिकॉर्ड का मुद्दा उठाते हुए चौदां गांव के गायब हुए रेवेन्यू रिकॉर्ड पर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस रिकॉर्ड के गायब होने का मामला सामने आया था, जिस संबंध में वर्ष 2018 में एफआईआर भी दर्ज हुई थी। इसके बाद करीब तीन महीने पहले इस मामले में दोबारा एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई। उन्होंने सवाल किया कि आखिर इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई है? संबंधित रिकॉर्ड गायब होने के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर सरकार तथा मंत्री हरजोत सिंह बैंस की क्या भूमिका रही है?

डॉ. शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन नंगल और श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र में विकास के नाम पर जनता को निराशा ही हाथ लगी है। पर्यटन, रोजगार और स्थानीय विकास के नाम पर किए गए वादों का हिसाब देने का समय आ गया है। भाजपा जनता से जुड़े इन मुद्दों को लगातार उठाएगी और सरकार की जवाबदेही तय करने के लिए संघर्ष करेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सरकार की आलोचना करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की संपत्ति, विकास और जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही सुनिश्चित करना है। कदम्बा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स जैसी महत्वपूर्ण संपत्ति को दोबारा विकसित कर पर्यटन और रोजगार का केंद्र बनाया जाना चाहिए।

इस अवसर पर डॉ. परमिंदर शर्मा, सरदार जितेंद्र सिंह अटवाल, श्री राकेश शर्मा पिंकी, डॉ. रजिंदर कुमार (पार्षद), हरमन प्रिंस, विवेक शर्मा, अल्का ऐरी, रवि शर्मा, अनिल शर्मा , सतपाल पाली, सुभाष चन्द्र , राजिंदर शर्मा , पार्थ मित्तल , शिव महेंन, कुलवंत सिंह, क्षमा शर्मा, सपना गुप्ता, अनीता , जसबीर कौर , सुलेखा , शिवानी सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Translate »
error: Content is protected !!