Home Chandigarh BJP पंजाब की नई टीम का ऐलान, संगठन को मजबूत करने के लिए कई नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारियां,List देखे

BJP पंजाब की नई टीम का ऐलान, संगठन को मजबूत करने के लिए कई नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारियां,List देखे

चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित

(BJP Announces New Punjab Team, Several Leaders Given Key Responsibilities to Strengthen the Organisation; Check the Full List)  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब में संगठन को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश इकाई के नए पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मंजूरी के बाद पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने नई टीम का ऐलान किया। पार्टी का कहना है कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना तथा आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक चुनौतियों के लिए भाजपा को तैयार करना है।

घोषित सूची के अनुसार, सुरजीत कुमार ज्याणी (फाजिल्का), राकेश राठौर (जालंधर), सुभाष शर्मा (एसएएस नगर), सरदार मनजीत सिंह राय (फिरोजपुर), अश्वनी सेखड़ी (बटाला), सुशील रिंकू (जालंधर), गेजा राम वाल्मीकि (फतेहगढ़ साहिब), सरदार तेजिंदर सिंह बिट्टू (जालंधर), श्रीमती जैस्मीन संधावालिया (कपूरथला), जतिंदर मित्तल (लुधियाना), सरदार रवि करण सिंह काहलों (गुरदासपुर) और सरदार रणजीत सिंह गिल (मोहाली) को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया  गया है।

वहीं, अनिल सरीन (लुधियाना), राजेश बग्गा (जालंधर), परमिंदर सिंह बराड़ (मोहाली), रजनीश धीमान (लुधियाना) और जीवन गर्ग (संगरूर) को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा मनजीत सिंह मन्ना (अमृतसर), मंगत राय बंसल (मानसा), राकेश शर्मा (पठानकोट), सूरज भारद्वाज (अमृतसर), वंदना सांगवाल (फाजिल्का), मीनू सेठी (होशियारपुर), रंजम कमरा (फाजिल्का), सरदार चरणजीत सिंह बराड़ (फाजिल्का), कमलप्रीत कौर चौधरी (जालंधर), मीना तरनेच (पठानकोट), अमरजीत सिंह अमरी (लुधियाना) और एकता नागपाल (मोहाली) को प्रदेश सचिव बनाया गया है।

संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए गुरदेव शर्मा (देबी) को प्रदेश कोषाध्यक्ष, सुखविंदर सिंह गोल्डी को सह-कोषाध्यक्ष, खुशवंत राय गीगा और संजीव खन्ना को प्रदेश प्रोटोकॉल सचिव तथा सुखविंदर सिंह परमार को प्रदेश कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा ने डिजिटल और सोशल मीडिया नेटवर्क को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कनवर इंदरजीत सिंह को प्रदेश आईटी कन्वीनर तथा अजय अरोड़ा को प्रदेश सोशल मीडिया कन्वीनर नियुक्त किया है। पार्टी का मानना है कि आधुनिक राजनीतिक दौर में डिजिटल माध्यम संगठन की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इसके साथ ही पार्टी के विभिन्न मोर्चों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं।

अनुज खोसला को युवा मोर्चा, बीबा जय इंदर कौर को महिला मोर्चा, लखविंदर सिंह को किसान मोर्चा, शीतल अंगूराल को एससी मोर्चा और शिवराज चौधरी को ओबीसी मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इन नियुक्तियों के जरिए भाजपा युवाओं, महिलाओं, किसानों और सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। मीडिया और संचार विभाग में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। एस.एस. चन्नी को मुख्य प्रवक्ता, विनीत जोशी को प्रदेश मीडिया प्रमुख तथा प्रीतपाल सिंह बलियावाल और परमपाल कौर सिद्धू को मीडिया सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

वहीं संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के बेहतर समन्वय के लिए बिक्रमजीत सिंह चीमा को प्रदेश सेल कोऑर्डिनेटर तथा हरविंदर सिंह संधू, भानु प्रताप सिंह और इंजीनियर कनवरवीर सिंह तोहड़ा को सह-कोऑर्डिनेटर बनाया गया है।

नई टीम की घोषणा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि नई टीम पूरी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक भावना के साथ कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी भाजपा की विचारधारा, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को पंजाब के हर जिले, हर वर्ग और हर बूथ तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नई टीम आगामी चुनावों, संगठन विस्तार और राजनीतिक चुनौतियों के लिए भाजपा को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Translate »
error: Content is protected !!