Home Chandigarh पंजाब विधानसभा में पेपर लीक पर हंगामा, कांग्रेस ने  शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस के इस्तीफे की उठाई मांग

पंजाब विधानसभा में पेपर लीक पर हंगामा, कांग्रेस ने  शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस के इस्तीफे की उठाई मांग

चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
(Punjab Assembly Erupts Over Paper Leak Issue, Congress Demands Harjot Bains’ Resignation)पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को कथित पेपर लीक मामलों को लेकर जमकर हंगामा हुआ  विपक्षी कांग्रेस विधायकों ने राज्य में लगातार सामने आ रहे परीक्षा पेपर लीक के मामलों को लेकर शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की। हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी।

प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने पिछले साढ़े चार वर्षों में हुए कथित पेपर लीक मामलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में छह बार परीक्षा पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं। बाजवा ने कहा कि शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी, इसलिए अब उन्हें भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

बाजवा ने हाल ही में फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में सामने आए कथित नकल और धांधली के मामले का जिक्र करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के इस्तीफे की भी मांग की।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि वे प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद सभी आरोपों का जवाब देंगे। हालांकि कांग्रेस विधायक उनकी बात सुनने के बजाय लगातार इस्तीफे की मांग करते रहे।
इसके बाद कांग्रेस के विधायक सदन के वेल में पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। विधानसभा अध्यक्ष ने कई बार उन्हें अपनी सीटों पर लौटने और सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन विपक्ष ने हंगामा जारी रखा।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष केवल राजनीतिक ड्रामा कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार ने सभी सरकारी नौकरियां पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर दी हैं।

लगातार नारेबाजी और हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में कथित नकल गिरोह का खुलासा होने के बाद विपक्ष लगातार आम आदमी पार्टी सरकार को पेपर लीक के मुद्दे पर घेर रहा है।

Translate »
error: Content is protected !!