Home Chandigarh पंजाब में 5 दिन बारिश का अलर्ट, जानें ताजा अपडेट

पंजाब में 5 दिन बारिश का अलर्ट, जानें ताजा अपडेट

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(Punjab Rain Alert: 5-Day Weather Forecast) पंजाब में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ केंद्र ने 7 अगस्त से 11 अगस्त तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए बारिश का ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों में कई इलाकों में हल्की, मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं किसानों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 7 अगस्त को पठानकोट, गुरदासपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली सहित कई जिलों में अच्छी बारिश की संभावना है। वहीं अमृतसर, तरनतारन, जालंधर, लुधियाना और पटियाला जैसे जिलों में 25 से 50 प्रतिशत तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

8 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी देखने को मिल सकती है, लेकिन उत्तर पंजाब के जिलों, विशेषकर पठानकोट और गुरदासपुर में कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके बाद 9 अगस्त से 11 अगस्त के बीच मानसून फिर सक्रिय होगा और कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा जैसे दक्षिण-पश्चिमी जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) के मौसम वैज्ञानिकों ने भी अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. पवनीत कौर किंगरा के अनुसार फिलहाल दिन और रात का तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में नमी बढ़ने और बादलों की सक्रियता के कारण बारिश का दौर जारी रह सकता है।

ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर रखने, आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और बारिश के दौरान सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम के अनुसार खेती से जुड़े कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

Translate »
error: Content is protected !!