Home Chandigarh कनाडा में फंसे पंजाबी छात्रों के लिए पंजाब सरकार सक्रिय

कनाडा में फंसे पंजाबी छात्रों के लिए पंजाब सरकार सक्रिय

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(Punjab Raises Canada Student Work Permit Issue) कनाडा में पोस्ट-स्टडी वर्क परमिट (PGWP) से जुड़े संकट के कारण हजारों भारतीय छात्रों, खासकर पंजाब के विद्यार्थियों, को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर पंजाब के एनआरआई मामलों के मंत्री रवजोत सिंह ने चिंता जताते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित छात्रों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

पंजाब विधानसभा में बोलते हुए रवजोत सिंह ने बताया कि कैलगरी में लगभग 1,500 पंजाबी छात्र पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट नहीं मिलने की समस्या से प्रभावित हुए हैं। सरकार इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और छात्रों की परेशानियों को समझकर उनके समाधान के लिए कदम उठा रही है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि उन्होंने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर जल्द मुलाकात का समय मांगा है। पत्र में उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि इस मामले को कनाडा सरकार के सामने कूटनीतिक स्तर पर उठाया जाए, ताकि प्रभावित छात्रों को जल्द राहत मिल सके।

रवजोत सिंह ने कहा कि ये सभी छात्र बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर लगभग 20 लाख रुपये तक का खर्च कर कनाडा पढ़ने गए थे। उन्हें यह भरोसा दिया गया था कि दो वर्षीय पढ़ाई पूरी करने के बाद वे पोस्ट-स्टडी वर्क परमिट के पात्र होंगे। लेकिन बड़ी संख्या में वर्क परमिट आवेदन खारिज होने से छात्र मानसिक तनाव, आर्थिक संकट और कानूनी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कई प्रभावित छात्रों ने सीधे उनसे संपर्क कर मदद की मांग की है। पंजाब सरकार उनकी समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता से सुन रही है और हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने यह भी कहा कि कई छात्रों ने कनाडा की फेडरल कोर्ट में कानूनी लड़ाई शुरू कर दी है। यदि आवश्यकता पड़ी तो पंजाब सरकार सामूहिक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए योग्य वकीलों की सेवाएं लेने की संभावना भी तलाशेगी, जिससे छात्रों पर आर्थिक बोझ कम हो सके।

इसके साथ ही रवजोत सिंह ने कनाडा में पंजाबी मूल के सांसदों से भी अपील की कि वे राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर इस मानवीय मुद्दे को कनाडा सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएं। पंजाब सरकार का कहना है कि वह अपने छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखेगी।

Translate »
error: Content is protected !!