Home Punjab युवक की 5 गोलियां मारकर हत्या, CCTV में कैद वारदात

युवक की 5 गोलियां मारकर हत्या, CCTV में कैद वारदात

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Youth Shot Dead in Broad Daylight, Attack Caught on CCTV “) लुधियाना में एक युवक की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना टिब्बा थाना क्षेत्र के प्राचीन गौशाला भाग-2 के सामने वाली गली की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का इकलौता बेटा था। बताया जा रहा है कि वह दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद घर लौट रहा था और रास्ते में एक दोस्त को छोड़ने के लिए रुका था।

इसी दौरान एक कार ने उसकी कार का रास्ता रोक लिया। कार से आए करीब 5 से 6 लोगों ने हरजिंदर को घेर लिया और पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। हरजिंदर को करीब 5 गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों द्वारा युवक को रोकने और उस पर हमला करने की पूरी वारदात दिखाई दे रही है। फुटेज के अनुसार, हरजिंदर के साथ मौजूद अन्य लोग किसी तरह वहां से निकल गए, जबकि वह कार में फंस गया। इसी दौरान आरोपियों ने दोबारा फायरिंग कर दी।

बताया जा रहा है कि हरजिंदर परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पिता ऑटो चलाते हैं, जबकि मां हाउसवाइफ हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

वारदात के बाद आरोपी हरजिंदर की कार में तोड़फोड़ कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दूसरी कार में आए हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित कर दी है।

Translate »
error: Content is protected !!