ऊना । राजवीर दीक्षित
(Security tightened for the Mata Chintpurni Shravan Ashtami Fair; find out what is prohibited regarding weapons and loudspeakers) ऊना जिला प्रशासन ने माता चिंतपूर्णी मंदिर में आज से शुरू हुए श्रावण अष्टमी मेले को लेकर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिला मजिस्ट्रेट जतिन लाल ने जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को छोड़कर अन्य लोगों के हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए ब्रास बैंड, अन्य वाद्य यंत्र, पटाखे और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है। जिले के बाहर से आने वाले श्रद्धालु यदि ऐसी सामग्री लेकर पहुंचते हैं, तो उन्हें मंदिर के आसपास बनाए गए पुलिस चेक पोस्ट पर इसे जमा करवाना होगा। प्रशासन के आदेश के अनुसार पॉलीथिन बैग के इस्तेमाल और खुले स्थानों या सड़क किनारे लंगर लगाने पर भी सख्त प्रतिबंध रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के पास बनाए गए अस्थायी स्वास्थ्य शिविर में जरूरी आपातकालीन दवाइयों का स्टॉक उपलब्ध करवाया है।
वहीं, माता चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण के बाद कंप्यूटरीकृत काउंटर से जारी की गई पर्ची के आधार पर ही श्रद्धालुओं को बारी-बारी से दर्शन करवाए जाएंगे। दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को अपनी पंजीकरण पर्ची साथ रखना अनिवार्य होगा।इसके अलावा, आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने के लिए मंदिर परिसर और आसपास CCTV कैमरे लगाए गए हैं।



















