Home Himachal Pradesh हमीरपुर को बड़ी सौगात, उत्तर भारत का पहला एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज शुरू

हमीरपुर को बड़ी सौगात, उत्तर भारत का पहला एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज शुरू

हमीरपुर । राजवीर दीक्षित

(Major gift for Hamirpur: North India’s first Allied Healthcare College launched)हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरदर्शी सोच और स्वास्थ्य शिक्षा को मजबूत करने की प्रतिबद्धता के चलते हमीरपुर को एक बड़ी उपलब्धि मिली है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखरेख वृत्ति आयोग अधिनियम, 2021 लागू होने के बाद हमीरपुर में उत्तर भारत का पहला पूर्णतः स्वतंत्र एलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज स्थापित किया गया है।

पत्रकारों से बातचीत में डॉ. वर्मा ने बताया कि कॉलेज के शुरुआती चरण में चार स्नातक पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इनमें बैचलर ऑफ रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी और बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी की 60-60 सीटें तथा बैचलर ऑफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी की 30 सीटें शामिल हैं। इस प्रकार हर वर्ष कुल 210 विद्यार्थियों को इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तीन से चार और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की संभावना है। इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में विशेषज्ञ प्रशिक्षण हासिल करने के इच्छुक युवाओं के लिए विकल्प बढ़ेंगे और प्रदेश में कुशल स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता भी मजबूत होगी।

डॉ. वर्मा के अनुसार, संस्थान के सुचारु संचालन के लिए प्रधानाचार्य, सहायक प्राध्यापक और ट्यूटर्स सहित फैकल्टी के 16 नए पद सृजित किए गए हैं। इसके अलावा आधुनिक उपकरणों की खरीद के लिए सात करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह संस्थान विद्यार्थियों को व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य सेवाओं में केवल डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ही नहीं, बल्कि प्रशिक्षित एलाइड हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है। रेडियोलॉजी, लैब टेक्नोलॉजी, एनेस्थीसिया, ऑपरेशन थिएटर और डायलिसिस जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञ कर्मचारियों की मांग तेजी से बढ़ रही है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि हमीरपुर में इस कॉलेज की स्थापना से हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ उत्तर भारत के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और निजी स्वास्थ्य क्षेत्र में करियर के नए रास्ते खुलेंगे।

उन्होंने कहा कि यह संस्थान आने वाले वर्षों में हमीरपुर को एलाइड हेल्थकेयर शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का हमीरपुर की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।

Translate »
error: Content is protected !!