जालंधर। राजवीर दीक्षित
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट पुलिस की CIA टीम ने दो कथित तस्करों को 5 किलो हेरोइन और ₹1.50 लाख की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी शहर में नशे की खेप सप्लाई करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।
कोट कलां चौक के पास दबोचे
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के अनुसार CIA टीम को सूचना मिली थी कि दो तस्कर नशे की खेप लेकर जालंधर पहुंचने वाले हैं। इसके बाद टीम ने कोट कलां चौक के पास पटवारी ढाबे के नजदीक नाकाबंदी की।
कुछ समय बाद संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक, फिल्लौर निवासी दिलप्रीत सिंह और कमलदीप सिंह के पास से ढाई-ढाई किलो हेरोइन बरामद हुई।
दोनों के पास से ड्रग मनी भी मिली
पुलिस के अनुसार दिलप्रीत सिंह से ₹80 हजार और कमलदीप सिंह से ₹70 हजार की ड्रग मनी बरामद हुई। कुल मिलाकर पुलिस ने 5 किलो हेरोइन और ₹1.50 लाख नकद जब्त किया है।
पहले भी सप्लाई करने का दावा
जांच में पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी पहले भी नशे की सप्लाई कर चुके हैं। पूछताछ में उनके दूसरी बार नशे की खेप लेकर आने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कार से पहुंचे थे और वाहन को घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ा किया गया था।
दो अन्य आरोपी फरार
मामले में दो अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वे फरार मिले। उनकी तलाश जारी है।
थाना कैंट में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब नशे की खेप के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।



















