फरीदकोट। राजवीर दीक्षित
(Granthi visits Rampal’s ashram; Sikh organizations demand an apology!) हरियाणा के संत रामपाल के डेरे में एक गुरुद्वारे के ग्रंथी के परिवार सहित पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो को लेकर अकाली दल-वारिस पंजाब दे से जुड़े गुरसेवक सिंह ने कड़ा विरोध जताया है और ग्रंथी रणजीत सिंह से श्री अकाल तख्त साहिब के सामने पेश होकर माफी मांगने की मांग की है।
परिवार सहित डेरे में पहुंचने का वीडियो
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में ग्रंथी रणजीत सिंह अपने परिवार के साथ रामपाल के सामने दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनकी बेटी रामपाल से कृपा करने और नामदान लेने की इच्छा जताती नजर आती है। इसके बाद परिवार को रामपाल के सामने नतमस्तक होते हुए देखा जा सकता है।
ग्रंथी ने बताई परिवार की परेशानी
वीडियो सामने आने के बाद गुरसेवक सिंह ने ग्रंथी से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान ग्रंथी ने कथित तौर पर बताया कि परिवार लंबे समय से बीमारी और कथित भूत-प्रेत की बाधा जैसी परेशानियों से जूझ रहा था। परिवार के दबाव में वह रामपाल के डेरे पर गए थे।
सिख मर्यादा को लेकर उठाए सवाल
गुरसेवक सिंह ने ग्रंथी के डेरे में जाने पर सवाल उठाते हुए इसे सिख मर्यादा के खिलाफ बताया। उनका कहना है कि ग्रंथी का किसी दूसरे डेरे में जाकर माथा टेकना और वहां गुरु ग्रंथ साहिब की बाणी का पाठ करना आपत्तिजनक है।
उन्होंने कहा कि ग्रंथी खुद संगत को गुरुबाणी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब पर विश्वास रखने की सीख देते हैं, इसलिए उनका इस तरह के डेरे में जाना गंभीर विषय है।
ग्रंथी ने मानी गलती
बातचीत के दौरान ग्रंथी रणजीत सिंह ने अपनी गलती स्वीकार किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद गुरसेवक सिंह ने उनसे एक सप्ताह के भीतर अमृतसर पहुंचकर श्री अकाल तख्त साहिब पर पेश होने और स्पष्टीकरण देने की मांग की है।
माफी नहीं तो कार्रवाई की चेतावनी
गुरसेवक सिंह ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय में ग्रंथी अकाल तख्त साहिब के सामने पेश होकर माफी नहीं मांगते, तो विभिन्न सिख जत्थेबंदियां उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि पहले ग्रंथी को अमृतसर आकर अपना पक्ष रखना चाहिए, अन्यथा वे खुद हरियाणा पहुंचेंगे।



















