कांगड़ा । राजवीर दीक्षित
(Major police action in Himachal! 25 police personnel, including the SHO, to handle law and order) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के कोटला में पुलिस चौकी को अब पूर्ण पुलिस थाने का दर्जा दे दिया गया है। नए थाने में एसएचओ समेत कुल 25 पुलिस कर्मियों की तैनाती होगी। इनमें एक थाना प्रभारी, 3 सहायक उप निरीक्षक, 5 मुख्य आरक्षी और 16 आरक्षी शामिल हैं। खास बात यह है कि पुलिस टीम में महिला कर्मियों को भी शामिल किया जाएगा। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने बुधवार को कोटला में स्तरोन्नत पुलिस थाने का उद्घाटन किया। इस कदम से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और लोगों को कानून-व्यवस्था से जुड़ी सेवाएं पहले से बेहतर तरीके से मिल सकेंगी।
कोटला में पुलिस थाना खुलने के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को नया आधार मिलेगा। इससे पुलिस की पहुंच आम लोगों तक और मजबूत होगी। स्थानीय स्तर पर शिकायतों का निपटारा करने, आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत के समय लोगों को तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने में सुविधा होगी।
साथ ही, क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। कृषि मंत्री ने पुलिस कर्मियों से कहा कि वे कानून के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध रहते हुए जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और हर शिकायत को गंभीरता से लें।
नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश, पुलिस से सख्ती बरतने को कहा
कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि चिट्टे सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत त्वरित और सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती है और इसे रोकने के लिए प्रशासन के साथ सामाजिक सहयोग भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए जागरूकता और कार्रवाई दोनों स्तरों पर प्रयास किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर एसपी इल्मा अफरोज ने कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार को शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
देहर खड्ड के खतरे से निपटने की तैयारी, कोटला में 10 करोड़ के काम
बरसात में देहर खड्ड के कारण पैदा होने वाले खतरे को देखते हुए कोटला क्षेत्र में सुरक्षा कार्यों पर जोर दिया गया है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ नियंत्रण और भूस्खलन रोकने के काम पूरे करवाए गए हैं। चंद्र कुमार के मुताबिक, इन परियोजनाओं का उद्देश्य बारिश के दौरान होने वाले नुकसान को कम करना और संवेदनशील इलाकों को सुरक्षित बनाना है। वहीं, कोटला को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं को तेजी से लागू करने का रास्ता साफ हुआ है।
पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे
कार्यक्रम में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की भी सक्रिय मौजूदगी रही। एसपी इल्मा अफरोज, एएसपी डीसी वर्मा, एसडीएम नरेंद्र जरियाल और डीएसपी चंद्रपाल समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। इनके अलावा विभिन्न विभागों के कर्मचारी और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।



















