अमृतसर। राजवीर दीक्षित
(Major move ahead of Punjab elections: Jailed MP to contest from two seats) पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने सांसद अमृतपाल सिंह को दो विधानसभा सीटों से मैदान में उतारने की तैयारी की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह अयाली के मुताबिक, अमृतपाल दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे, हालांकि अंतिम सीटों का फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा।
माझा और मालवा से उतरने की तैयारी
पार्टी के भीतर चर्चा है कि अमृतपाल को एक सीट माझा और दूसरी मालवा क्षेत्र से मैदान में उतारा जा सकता है। खडूर साहिब और धूरी समेत कई सीटों पर मंथन चल रहा है। इससे पहले पार्टी नेताओं ने धूरी से मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ अमृतपाल को उतारने की संभावना भी जताई थी, लेकिन इसे अभी अंतिम फैसला नहीं माना गया है।
इन सीटों पर चल रहा मंथन
पार्टी सूत्रों के मुताबिक खडूर साहिब, धूरी, तलवंडी साबो और रामपुरा फूल जैसी सीटों पर चर्चा हुई है। हालांकि, हालिया घटनाक्रम में पार्टी ने तलवंडी साबो से मनदीप सिंह सिद्धू को हलका प्रभारी बनाया है और उन्हें संभावित उम्मीदवार के तौर पर देखा जा रहा है। इसलिए अमृतपाल की अंतिम सीटों को लेकर तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है।
धूरी क्यों अहम?
धूरी मुख्यमंत्री भगवंत मान का विधानसभा क्षेत्र है। अमृतपाल के यहां से चुनाव लड़ने की चर्चा ने इस सीट को 2027 की चुनावी तैयारियों में खासा महत्वपूर्ण बना दिया है। हालांकि, पार्टी नेताओं ने यह भी कहा है कि सीट को लेकर अंतिम निर्णय अभी बाकी है।
2027 में पहली बड़ी चुनावी परीक्षा
2027 का विधानसभा चुनाव अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के लिए पहली बड़ी चुनावी परीक्षा होगा। पार्टी पहले ही अमृतपाल को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर चुकी है। जुलाई में मनप्रीत अयाली ने भी इसकी पुष्टि की थी।
अमृतपाल फिलहाल डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं और खडूर साहिब से लोकसभा सांसद हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने खडूर साहिब सीट पर कांग्रेस के कुलबीर सिंह जीरा को 2.1 लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया था।



















