जालंधर। राजवीर दीक्षित
(40,000 withdrawn from ATM, miscreants surrounded the victim; two nabbed) जालंधर के बस स्टैंड के पास ATM से 40 हजार रुपये निकालकर बाहर निकले व्यक्ति को दो युवकों ने कथित तौर पर घेर लिया और नकदी छीनने की कोशिश की। पीड़ित के विरोध और शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान खुशवंत और पंकज उर्फ दीपक के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 14-15 ATM कार्ड बरामद होने की बात सामने आई है।
ATM में ही कर रहे थे मदद की पेशकश
जानकारी के मुताबिक, गुरदेव सिंह बस स्टैंड के पास HDFC बैंक के ATM से 40 हजार रुपये निकालने पहुंचे थे। आरोप है कि जब वह ATM से पैसे निकाल रहे थे, तभी दोनों युवक वहां पहुंच गए और मदद करने की पेशकश करने लगे।
गुरदेव सिंह को दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उन्होंने मदद लेने से इनकार करते हुए दोनों को ATM से बाहर जाने के लिए कहा।
बाहर निकलते ही घेर लिया
गुरदेव सिंह ने पैसे निकालकर उन्हें लिफाफे में रखा और अपनी एक्टिवा की तरफ बढ़ने लगे। आरोप है कि ATM से बाहर निकलते ही दोनों युवकों ने उन्हें घेर लिया और नकदी छीनने का प्रयास किया।
गुरदेव सिंह ने एक आरोपी को पकड़ लिया और शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और दूसरे युवक को भी पकड़ लिया।
लोगों ने दोनों को पुलिस के हवाले किया
सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई हरमनजीत सिंह ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे की तलाशी ली।
पुलिस के अनुसार, दोनों से अलग-अलग बैंकों के 14-15 ATM कार्ड बरामद हुए हैं। अब इन कार्डों के धारकों की पहचान की जा रही है।
ATM कार्ड ने बढ़ाया शक
बरामद कार्डों को लेकर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं वे पहले ATM से जुड़ी ठगी या छिनैती की घटनाओं में शामिल तो नहीं रहे हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।



















